मेलबर्न, 8 फरवरी
ब्रेट ली जल्द ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। लगातार चोटों के कारण ली का करियर वैसे ही प्रभावित हो रहा है, ऐसे में ली ने जल्द ही खेल को अलविदा कहने का मन बना लिया है। ली अपने भविष्य के लिए अनिश्चित हैं और हो सकता है कि वह कभी गेंदबाजी नहीं कर पाएं।
कोच नीलसन ने पहले ही ली के लिये टेस्ट क्रिकेट में वापसी को मुश्किल बताया था। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा था कि ली वनडे टीम में खेल सकते हैं। 33 वर्षीय तेज गेंदबाज ने कहा, 'अगर पिछले साल दिसंबर में हुई अपनी कोहनी की चोट की सर्जरी के बाद पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाया तो मुझे अपने करियर से जुडे़ कुछ कड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं।'
टेस्ट क्रिकेट में 310 और वनडे में 324 विकेट ले चुके ली ने कहा कि जहां तक मेरे क्रिकेट का सवाल है कुछ भी हो सकता है। हो सकता है कि मैं वनडे में ही खेल सकूं या फिर बिल्कुल ही नहीं खेलूं। हो सकता है मैं गेंदबाजी नहीं कर पाऊं। अगर ऐसा होता है तो भी मैं अपने करियर से संतुष्ट हूं। अभी से यह नहीं कहा जा सकता कि मेरा करियर समाप्त हो चुका है।
अपने 13 साल के करियर में ली के शरीर पर 12 जगह चोट लग चुकी हैं। मगर उन्होंने कहा, 'हाल ही में कोहनी पर लगी चोट सबसे ज्यादा दर्दनाक है। यह किसी चमत्कार से ठीक नहीं हो सकती। इसके लिए समय की जरूरत है। मुझे नहीं पता कि मैं दोबारा कब गेंदबाजी कर पाऊंगा' उन्होंने कहा, 'मैं जो भी निर्णय लूंगा कप्तान रिकी पोंटिंग से सलाह करने के बाद ही लूंगा।'