ढाका, 9 फरवरी
भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी ने 11वें दक्षिण एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देने का वादा किया है।
कलमाड़ी ने कहा कि हमें 170 पदक मिले हैं जिसमें से 90 स्वर्ण पदक हैं। कलमाड़ी खिलाडि़यों के प्रदर्शन से बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के लिये नकद पुरस्कार मिलने चाहिये। उन्होंने कहा कि वे इस बारे में खेल मंत्रालय से बात करेंगे कि इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन अनदेखा नहीं रह जाए।
उन्होंने कहा कि मुझे यकीन है कि राष्ट्रमंडल खेलों से पहले यह प्रदर्शन भारत के लिए काफी मायने रखेगा। हमारे खिलाड़ियों की तैयारी जबरदस्त है और हमारे पास बेहतरीन कोच भी हैं। भारत ने सैग खेलों में 90 स्वर्ण, 55 रजत और 30 कांस्य पदक जीते। कलमाड़ी यहां सैग ध्वज लेने आए हैं क्योंकि भारत 2012 में इन खेलों की मेजबानी करेगा।