Remove Ad

Hindi Blog on Movies, Songs n Music

Wednesday, January 31, 2007

Free Download Bollywood Hindi Movies / Films

Recently I've watched Guru and I liked it a lot too. After googling about it, I found that it was available online to download for free. Those who don't want to go to cinema hall can download Guru and enjoy it on their computers. These are the links -

Download Guru : Abhishek Bachchan & Aishwarya Rai

Rapidshare Download
Megaupload Download

I've also found a webpage, where you can see many Hindi movies. You'll also get many Tamil and Malayalam movies here. Have a look -

Hindi Movies

If you also know about any website where Hindi films can be downloaded from, please comment and let me know.

Related Posts:
1. Online Bollywood Hindi Movies for Free
2. Old Bollywood Music & Songs


मुफ़्त डाउनलोड करें ऑनलाइन बॉलीवुड हिन्दी फ़िल्में

हाल में मैं गुरू देख कर आया और यह फ़िल्म मुझे काफ़ी पसंद भी आई। इंटरनेट पर खोजा तो पाया कि यह फ़िल्म ऑनलाइन उपलब्ध है और डाउनलोड भी की जा सकती है। जो लोग सिनेमा हॉल जाकर पैसे ख़र्च नहीं करना चाहते, वे डाउनलोड करके देख सकते हैं। :-) यह रही इसकी कड़ी -

डाउनलोड करें गुरू : अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय

Rapidshare Download
Megaupload Download

इसके अलावा एक और वेबपेज मिला, जहाँ कई हिन्दी फ़िल्में ऑनलाइन देखी जा सकती हैं। हिन्दी के अलावा बहुतेरी तमिल और मलयालम फ़िल्में भी यहाँ पर हैं। देखिए -

Hindi Movies

अगर आपको भी ऐसी किसी वेबसाइट की जानकारी हो जहाँ से हिन्दी फ़िल्में डाउनलोड की जा सकती हैं या ऑनलाइन देखी जा सकती हैं, तो ज़रूर बताएँ।

सम्बन्धित लेख :
१. मुफ़्त देखिए इंटरनेट पर हिन्दी फ़िल्में
२. पुराना बॉलीवुड गीत-संगीत

Labels: , , , ,

Monday, January 29, 2007

कवि ‘अवसाद’

आप लोग हमारे दोस्त बनवारी को तो जानते ही होंगे। नहीं जानते तो यह पढिए। ख़ैर, मुद्दे की बात यह है कि आजकल खरपतवार की तरह उग रहे कवियों में बनवारी भी शुमार करता है। अभी ताज़ा-ताज़ा ही कवि बना है। जैसा कि हर नौसीखिया कवि करता है, वह भी सबको घेर-घेर कर कविताएँ झिलाता है। हम तो आजकल उसे देखते ही सर पर पाँव धर कर भाग खड़े होते हैं। लेकिन आज उसने हमें पकड़ ही लिया और बोला कि हमारी कविताएँ सुनो। हमने कहा कि सुनाओ, क्योंकि हमारे मना करने पर भी वह भला कहाँ मानने वाला था।

बनवारी बोला – ‘कविता सुनने से पहले यह जानना बहुत ज़रूरी है कि कविता कवि ने किस परिस्थिति और भाव में लिखी है, तभी कविता अन्दर तक घुस सकती है।’ यह सुनकर हम थोड़े घबराए, लेकिन उसने पूरी तरह घबराने का मौक़ा भी नहीं दिया और आगे बतलाने लगा – ‘यह कविता हमने बड़ी विषम परिस्थितियों में अपनी प्रेमिका के लिए लिखी थी। इम्तिहान में फ़ेल होने के बाद नक़ल करने के लिए मारी गई कापी पर हमने यह कविता लिखी थी, फ़ेल होने से उपजी बेहद पीड़ा के बीच दिल में प्रेम का फुव्वारा फूट पड़ा था और इसीलिए यह कविता ख़ास है।’ फिर वह कविता सुनाने लगा :

प्रिये, तुम्हारे हाथ जैसे
बरगद के पेड़ की लताएँ
तुम्हारे सुस्मित हास्य से
जीवन में पतझड़ आ जाए

सुनाते-सुनाते वह रुक गया, उसने पूछा – ‘समझे?’
‘हाँ, समझ गए’
‘क्या समझे?’
‘यही कि बरगद और पतझड़ वगैरह से प्रेमिका की तुलना है’
‘अरे नहीं, तुम गहराई तक नहीं पहुँचे’
‘इसमें क्या गहराई वाली बात है?’
‘है, ये पंक्तियाँ छायावादी हैं। इसमें तुम्हें जयशंकर प्रसाद की झलक नज़र आ रही होगी। बरगद माने जटिल जीवन और पतझड़ है फ़ेल होने की व्यथा का बिम्ब।’ यह सुनकर अब हमें चक्कर आने लगा था, शायद जयशंकर प्रसाद को भी स्वर्ग में चक्कर आ रहे होंगे। हमने बनवारी को टरकाने की असफल कोशिश की – ‘हमें अचानक बहुत ज़रूरी काम याद आ गया है, हमें जाना है।’ लेकिन जिस तरह तुणीर से निकला तीर बीच रास्ते से कभी वापिस नहीं आ सकता, उसी तरह कवि अपनी पूरी कविता झिलाए बिना बीच में रूक नहीं सकता। उसने हमारी एक न सुनी और कविता सुनाना जारी रखा।

हम बल्ब थे, तुम्हें देखते ही जल गए फटाफट
तू ट्यूबलाइट थी, लुप-लाइ-लुप बहुत देर लगायी
चीनी माल की तरह आराम से तैयार थीं कई
पर इस कच्चे पापड़ जैसे दिल को तू ही भायी

‘बेहद वाहियात’, हमारे मुँह से अनायास ही निकल पड़ा। बनवारी ने बिना किसी ग़ुस्से के शान्ति से हमारी तरफ़ देखा और बोला – ‘होता है... ऐसा होता है... तुम जैसे लोगों को कविता की नैक सी समझ तो होती नहीं है। हम कवियों को ही तुम्हारी समझ विकसित करनी पड़ती है। ये प्रयोगवादी पंक्तियाँ हैं। जैसा इन पंक्तियों से पता लग ही रहा होगा, हम प्रयोगवादी कविता को उससे आगे ले गए हैं जहाँ अज्ञेय और नागार्जुन ने छोड़ा था। अब आगे सुनो...’

हिज्र-ओ-विसाल सोच कर तड़पते रहे
हम फ़ेल हुए, तेरे प्यार में जाना
जैसे तड़पता है भूख से ग़रीब
न उसने रोटी जानी, न तूने मेरा इश्क़ जाना

अब तो हम भी तड़पने लगे थे और संन्यास लेकर इस संसार से दूर, कवियों से दूर भाग जाना चाहते थे। हमारे चेहरे पर उड़ती हवाइयों को देखकर बनवारी बोला – ‘हम तुम्हारी सीमित बुद्धि की व्यथा समझ रहे हैं। लेकिन घबराने से काम नहीं चलेगा, हिम्मत रखो और समझने की कोशिश करो। इसमें हमने उर्दू ग़ज़ल और हिन्दी कविता को मिलाने का अनुपम प्रयोग किया है। इसके अलावा अनूठे ढंग से ग़रीबों की समस्याओं को उठाकर प्रगतिवाद को नया आयाम दिया है।’ अब तो हमारी मुट्ठी भिंच गई, पास में पड़ी सरिया हमने उठा ली और सोचा कि भले बनवारी हमारा दोस्त है, लेकिन जनकल्याण के लिए, दुनिया को बचाने के लिए इसकी खोपड़ी फोड़ना ज़रूरी है। लेकिन नुक्कड़ पर खड़े हवलदार को देख कर हम रुक गए और अपना इरादा बदल दिया।

हम पर बेहोशी छाने लगी थी, इतने में हवा के ठण्डे झोंके की तरह ख़ुशी एकाएक आयी। बनवारी बोला कि ‘यह कविता अभी इतनी ही लिखी है। इसकी आगे की स्वच्छन्दतावादी पंक्तियाँ कल सुनाऊँगा। घर पर मिलना, कल इसी वक़्त मैं तुम्हारे घर आऊँगा।’ लेकिन हमारे अन्दर भी कीड़ा है, सो हम उसे समझाने लगे कि कविता-वविता लिखना तुम्हारे बस का काम नहीं है। तुम जहाँ भी कविता भेजते हो, संपादक वापस लौटा देते हैं। इसपर बनवारी बोला, ‘निराला की कविताएँ भी संपादक लौटा दिया करते थे। यह हमने फ़ुरसतिया जी के ब्लॉग पर पढ़ा था। कवियों के जीवन की फिल्म में संपादक का काम ही विलन की तरह होता है। इससे साबित होता है कि हम निराला के स्तर के कवि हैं।’

यह सब सुनकर हम अवसादग्रस्त हो चुके थे और बनवारी से बचने के लिए आत्महत्या करने का विचार भी हमारे मन में आने लगा था। हमने खुद को बचाने और बात बदलने की कोशिश में बनवारी से पूछा कि आजकल हमारे बाक़ी लंगोटिया यार पुत्तन और भीखू नज़र नहीं आते हैं... हम उन्हें हिन्दी में ब्लॉगिंग करना सिखाने वाले थे, कहीं बाहर गए हुए हैं क्या? बनवारी ने बताया – ‘जिस दिन सुबह हम उन दोनों को कविता सुनाकर आए थे, उसी दिन शाम को पता लगा कि दोनों मनोचिकित्सक के पास गए हैं। सुनने में आया है कि आजकल दोनों डिप्रेशन का शिकार हैं और घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। लेकिन तुम चिन्ता मत करो, कल हम उन्हें देखने जाएंगे और अपनी नई कविता सुनाएंगे... शायद हमारी कविता की शक्ति से उनका अवसाद ख़त्म हो जाए। जब तक वो लोग नहीं सही होते, तब तक हमें ही ब्लॉगिंग सिखलाओ। हमने सुना है कि वहाँ कई कवि हैं। लेकिन एक दिक़्क़त है....’
‘क्या?’
‘हर कवि का उपनाम होता है, लेकिन अभी तक हमारा कोई उपनाम नहीं है। कुछ आइडिया दो।’
हमने कहा – इसमें इत्ता सोचने की क्या बात है। तुम्हारा नाम होना चाहिए बनवारी ‘अवसाद’। कहो, कैसा लग रहा है नाम... बनवारी ‘अवसाद’। है न नाम में वज़न!!!

नाम की उलझन हल होने से बनवारी खुश हो गया और इस ख़ुशी में एक और कविता सुनाने लगा। इस बीच हमने अपने एक दोस्त को फ़ोन करके एक रस्सी और कुछ चूहे मारने की गोलियाँ भी मंगा लीं। अगर हमारी अगली पोस्ट इस ब्लॉग पर नज़र आए तो समझिएगा कि हमने गोलियाँ अपने दोस्त कवि बनवारी ‘अवसाद’ को खिला कर पंखे से टांग दिया, और अगर अगली पोस्ट न आए तो समझिएगा कि वो गोलियाँ खा कर हम खुद पंखे से लटक चुके हैं।

Sunday, January 21, 2007

Are We a Violent Society?

क्या हमारा समाज हिंसक है?

हम हिन्दुस्तानियों को बड़ा गर्व है कि दुनिया में केवल हम ही अहिंसक आन्दोलन के ज़रिए आज़ाद हुए हैं। इसी देश की माटी ने बुद्ध, महावीर और गांधी को जन्म दिया था और हम एक अहिंसक और आध्यात्मिक समाज हैं। लेकिन आज के हालात देख कर तो लगता है कि भारत से ज़्यादा हिंसक समाज शायद ही इस संसार में कोई दूसरा होगा।

कल बेंगलौर में सद्दाम हुसैन की फाँसी के विरोध में हिंसा भड़की और लोग मारे गए। इससे पहले भी सद्दाम की फाँसी का विरोध करने के लिए समाजवादी पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किया था और सपा कार्यकर्ताओं द्वारा आगरा में बेगुनाह पर्यटकों को निशाना बनाया गया। उनकी गाड़ी पर पथराव किया गया, जिससे बहुतों को गम्भीर चोटें आईं। आख़िर सद्दाम हुसैन से हमारा क्या लेना-देना है? क्या सद्दाम को फाँसी बसों, कारों, भारत के आम आदमियों और पर्यटकों की वजह से दी गई?

कई लोगों का कहना है कि यह सब काम मुसलमानों के हैं, न कि हिन्दुओं के। हिन्दू तो स्वभाव से ही शान्तिप्रिय होते हैं। लेकिन क्या यह सच है? क्या हिन्दू वाक़ई शान्तिप्रिय हैं? कल ही यह ख़बर भी देखी कि विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने कानपुर के एक सभास्थल पर पहुँच कर भारी तोड़-फोड़ करी। बजरंगदल, विहिप और दुर्गावाहिनी जैसे तथाकथित हिन्दूवादी संगठनों के कृत्यों से कौन वाकिफ़ नहीं है? इन शान्तिप्रिय लोगों की शान्तिप्रियता का मुज़ायरा आने वाली चौदह फ़रवरी को भी देखा जा सकता है।

आज के दौर में ऐसा जान पड़ता है कि समाज का हर तबका बेहद हिंसक है। महाराष्ट्र में बिहारियों के साथ मार-पीट होती है, असम में हिन्दीभाषियों को बेरहमी से क़त्ल किया जाता है, सवर्ण दलितों के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करते हैं, दलित सवर्णों का उग्र विरोध करते हैं, बात-बात में बसों और रेल गाड़ियों को आग में फूँक दिया जाता है। हम लोगों की अहिंसा उस कहानी की तरह है जिसमें अपनी अहिंसा दर्शाने के लिए खुद कष्ट उठाकर एक वैष्णव चीटियों को शक्कर खिलाता था, लेकिन उन इंसानों को पीट-पीट कर लहूलुहान कर देता था जो ग़लती से शक्कर पर पैर रख देते थे।

दरअसल हम लोग छद्म-अहिंसक हैं। यानि कि बातें तो अहिंसा की करते हैं, लेकिन कोई काम बिना जूते-लात नहीं करते। सोचने वाली बात यह है कि बुद्ध और महावीर की जन्मभूमि हिंसक कैसे हो गई और इस हिंसा से निकलने का क्या उपाय है? इस बारे में आप लोगों की क्या राय है?

Thursday, January 18, 2007

Shilpa Shetty in Big Brother

बिग ब्रदर में शिल्पा शेट्टी

Bollywood Hindi Cinema Star Actress Shilpa Shetty in UK reality TV show Big Brohterइसे ही कहते हैं पाँचों अंगुलियाँ घी में होना। नस्लवाद से भले कितनों का नुक़सान हुआ हो, लेकिन शिल्पा शेट्टी और चैनल ४ का बहुत फ़ायदा हो रहा है। इस विवाद के बाद ब्रिटेन में जहाँ चैनल ४ की टीआरपी आसमान छू रही है और वहीं शिल्पा शेट्टी, जिनके पास फिल्में तक नहीं थीं, अख़बारों की सुर्ख़ियों में छा गई हैं।

लेकिन सवाल यह है कि क्या वाक़ई किसी प्रतियोगी ने शिल्पा शेट्टी पर नस्लवादी टिप्पणी की थी या फिर यह उड़ी-उड़ाई बात है? ख़ैर, यह कहना तो मुश्किल है। लेकिन क्या इतने सफल कलाकार यह जानते हुए ऐसी टिप्पणी किसी पर कर सकते हैं कि सभी की निगाहें उन पर हैं। ऐसी सूरत में एक आम आदमी, जो अपनी छवि के प्रति ज़्यादा सचेत नहीं होता, भी इस तरह की टिप्पणी नहीं करेगा। तो फिर अपनी छवि के लिए हर पल सजग सेलिब्रिटी ऐसा करे, यह मानना ज़रा मुश्किल है। मेरे ख़याल से यह टीआरपी बढ़ाने का पूर्वनियोजित हथकंडा है। मुझे तो लगता है कि कार्यक्रम के दौरान रोना-धोना और अन्य घटनाएँ भी पूर्वनियोजित ही होती हैं। इस बारे में आप लोगों की क्या राय है?