Remove Ad

Hindi Blog on Movies, Songs n Music

Saturday, August 11, 2007

पार्टनर : नक़्ल के लिए भी होनी चाहिए अक़्ल

Bollywood Hindi Movie/Film Partner staring Govinda & Salman Khan“नक़ल के लिए भी अक़ल होनी चाहिए” – यह बात बचपन में कई दफ़ा सुनी थी और डेविड धवन की नई फ़िल्म “पार्टनर” देखकर इस बात पर पूरी तरह यक़ीन भी हो गया। हालाँकि मुझे पूरी शंका थी कि हो-न-हो हमेशा की तरह एक और हॉलीवुड फ़िल्म का कचरा किया गया होगा, लेकिन फिर भी दोस्तों के कहने पर मैंने इसे देखने का ख़तरा मोल लिया और सिनेमा हॉल में पहुँच गया। हालाँकि गोविन्दा और सलमान ख़ान का अभिनय ठीक है, लेकिन “हिच” की अच्छी-ख़ासी कहानी को ख़ामख़्वाह में ज़बरदस्ती तोड़-मरोड़कर फ़िल्म की ऐसी-तैसी कर दी गई है।

“पार्टनर” में “हिच” के कई दृश्य जस-के-तस ले लिए गए हैं, लेकिन उन्हें इतने निष्प्रभावी तरीक़े से फ़िल्माया गया है कि मूल फ़िल्म के दृश्यों का जादुई असर ग़ायब हो गया है। हमेशा की तरह कहानी चोरी करते वक़्त पर्याप्त सावधानी भी नहीं बरती गई है, इसलिए कहानी में कहीं-कहीं लूपहोल रह गए हैं। हाँ, इतना ज़रूर है कि मेरे बाक़ी मित्रों को पिक्चर ठीक लगी, इसलिए अगर आपने मूल फ़िल्म नहीं देखी है तो आप इसे थोड़ी आसानी से देख सकते हैं। शायद दिमाग़ में अपने आप लगातार चलने वाली तुलना की वजह से मुझे यह फ़िल्म कुछ ज़्यादा ही बेकार लगी। तो बस इतना ही कहना कि यदि आपने “हिच” पहले से देख रखी है, तो “पार्टनर” क़तई न देखें।

हाल में मूल फ़िल्म की निर्माता कम्पनी ने इस फ़िल्म पर चोरी का इल्ज़ाम लगाते हुए मुक़दमा भी कर दिया है। बॉलीवुड में तो हॉलीवुड से चोरी करने का लम्बा इतिहास है, लेकिन यह अपनी तरह की पहली ही घटना है। शायद हॉलीवुड वाले भी इतनी घटिया नक़ल को बर्दाश्त नहीं कर सके।

टैग:

Labels: , , , , ,