विष्णु नागर का व्यंग्य : महत्वपूर्ण होना
विष्णु नागर पेश से पत्रकार हैं - लेकिन व्यंग्यकार के रुप में भी उनकी अच्छी ख़ासी पहचान हैं। उनके पाँच व्यंग्य संग्रह आ चुके हैं। पेश है "महत्वपूर्ण होने" की मानसिकता पर यह व्यंग्य :समाज में महत्वपूर्ण होना थोड़ा मुश्किल तो है मगर इतना मुश्किल भी नहीं है कि दूसरे होते चले जायें और आप टापते रह जायें। बस अपने को पहचानने की ज़रूरत है। एक बार अपने को पहचानिये कि इनमें आप कौन हैं और हो जाइये महत्वपूर्ण - मसलन बाक़ी अंधे हों और संयोग से आप काने हों तो समझिये आप हो गये महत्वपूर्ण। आपको भाषण देना आता है और दूसरों को नहीं आता, तो बस आप हो गये महत्वपूर्ण। आपके दादा या नाना या उनका कुल, गोत्र या जाति तथाकथित रूप से महत्वपूर्ण है तो बस आप हो गये - महत्वपूर्ण। आप उस परिवार के सदस्य हैं जिसमें किसी भी कारण से कोई आज़ादी की लड़ाई के दौरान जेल भेज दिया गया था तो आप हो गये महत्वपूर्ण, क्योंकि आप स्वतंत्रता सेनानी के परिवार के सदस्य हैं। आप खूब खाते हैं और अपना ही खाते हैं और अपने लिए ही खाते हैं मगर इतना खा लिया है कि आपका वज़न हो गया है 400 पौंड, तो समझ लीजिये कि आप हो गये महत्वपूर्ण।
मान लीजिये किसी आनुवांशिक या अन्य कारण से - जिसमें आपका कोई दोष नहीं है, आप साढ़े छह फ़ुट के हो गये तो आप हो गये महत्वपूर्ण। कुछ लोग इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि उन्होंने लाटरी ख़रीदी और वह खुल गयी जो कि किसी-न-किसी के नाम खुलनी ही थी तो वह हो गये..... कुछ इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि वे खुलेआम घूसख़ोरी करते हैं मगर पकड़े नहीं जाते, तो जब तक पकड़े नहीं जाते महत्वपूर्ण रहते हैं और उसके बाद और महत्वपूर्ण हो जाते है, क्योंकि दुनिया को पता चल जाता है कि इनके पास कहाँ-कहाँ और क्या-क्या है। कुछ लोग इसलिए महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि किसी तरह उन्होंने कुछ देदिवाकर कार का वीआईपी नंबर हासिल कर लिया है या किसी विधि उन्होंने अपनी कार या स्कूटर पर प्रेस का स्टिकर लगवा लिया है। कुछ लोग इसलिए महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि उन्होंने जीवनभर सरकारी दफ़्तर में हरामख़ोरी की और कुछ लोग इसलिए कि खुद महत्वपूर्ण नहीं होते मगर महत्वपूर्ण लोगों के दरवाज़े पर बिलानागा खड़े रहते हैं। कुछ इसलिए महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि किसी महत्वपूर्ण आदमी के चपरासी या क्लर्क या नाई या लठैत हैं।
कुछ लोग इसलिए महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि वे खाने में नमक नहीं लेते और पीने में शराब के अलावा कुछ नहीं लेते। कुछ इसलिए महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि दारू पी लेते हैं मगर चाय किसी हालत में नहीं पीते या वे अल्लमगल्लम सब कुछ खा लेते हैं मगर पालक नहीं खाते। कुछ लोग इसलिए महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि उनके रिश्तेदार आजकल मुंबई या दिल्ली या इससे भी बेहतर ब्रिटेन या अमेरिका में रह रहे हैं (हालाँकि उन्हें क़तई नहीं पूछते) और कुछ इसलिए कि उन्हें कभी सिरदर्द या ज़ुक़ाम नहीं होता। कुछ इसलिए महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि जंगल में नित्यकर्म के लिए गये थे और संयोग कि उन्हें शेर दिख गया और शेर के कारण उनका नित्यकर्म भले ही बाधित हो गया हो मगर शेर ने उन्हें खाया नहीं। कृपा शेर ने की और महत्वपूर्ण हो गये वे। कुछ इसलिए महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि उनका दावा है कि उनके पास इस बात के पक्के प्रमाण हैं कि पश्चिम से भी पहले भारत ने वायुयान का आविष्कार कर लिया था। कुछ लोग इसलिए महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि उन्होंने चार शादियाँ की क्योंकि संयोग से या संयोग के बग़ैर उनकी एक के बाद एक बीवी मरती गयी और यहाँ तक कि चौथी भी मर गयी और कुछ इसलिए कि वे दावा करते हैं कि शादी किये बग़ैर ही उनका काम चल जाता है।
कुछ इसलिए महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि वे हमेशा कलफ़दार कुर्ता-पायजामा पहनकर ही घर से बाहर निकलते हैं और कुछ इसलिए कि उनके पिता ने उनका नाम जवाहर लाल या अटल बिहारी या दिलीप कुमार रख दिया था। कुछ इसलिए महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि ग़लती से उनकी शक़्ल कुछ-कुछ राष्ट्रपिता से मिलती है (जिसका अर्थ यह है कि बहुत कुछ नहीं मिलती) और कुछ इसलिए कि उन्होंने शंकराचार्य को शास्त्रार्थ करने की सार्वजनिक चुनौती दी थी और शंकाराचार्य ने उसका कोई जवाब नहीं दिया था, जिसका अर्थ उन्होंने यह लग लिया कि शंकारचार्य उनसे डर गये। कुछ लोग इसलिए महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि वे चार किलो गुलाबजामुन खा लेते हैं या तीन किलो रबड़ी पी जाते हैं। कुछ इसलिए महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि चोर हैं और पुलिस की सिक्युरिटी में चलते हैं और कुछ इसलिए कि उन्होंने कभी किसी अंग्रेज़ से हाथ मिलाया था और उसने उनसे पूछा था कि 'हाऊ डू यू डू' और इन्होंने इसके जवाब में अपना नाम बता दिया था। कुछ लोग इसलिए महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि वे फ़रार घोषित होकर आराम से घर में रहते हैं और कुछ इसलिए कि रोज़ सुबह चार बजे उठकर नहाते हैं और हनुमान चालीसा का पाठ
करते हैं। कुछ इसलिए कि वे रामलीला में हमेशा हनुमान बनते हैं और कुछ इसलिए कि उनकी भैंस 20 किलो दूध देती है, कुछ इसलिए कि स्वपाकी हैं और किसी दूसरे के गिलास में पानी तक नहीं पीते और कुछ इसलिए कि उनके जितनी लंबी चोटी इस इलाक़े में किसी की नहीं है। कुछ इसलिए कि जहाँ भी जब भी जाते हैं हाथ में डंडा अवश्य रखते हैं और कुछ इसलिए कि जेब में माचिस या चाकू ज़रूर रखते हैं। कुछ इसलिए महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि बीस बार ज़मानत जब्त होने के बावजूद वे चुनाव लड़ते हैं और कुछ इसलिए कि हर बार अलग-अलग पार्टी से चुनाव लड़कर भी जीत जाते हैं।
तो बताइए आप इनमें से किस प्रजाति के हैं और किसी के नहीं हैं तो भी फ़ौरन अपनी प्रजाति को संगठित कीजिये, ईश्वर आपकी मदद अवश्य करेगा क्योंकि उसका काम ही आप जैसों की मदद करना है।
लेबल: Hindi, satire, vishnu nagar, व्यंग्य, हिन्दी


1 टिप्पणियाँ:
हे हे हम इसलिए महत्वपूर्ण हैं कि इस पोस्ट पर पहली टिप्पणी कर रहे हैं। :)
टिप्पणी प्रेषित करें
इस संदेश के लिए लिंक:
एक कड़ी बनाएँ
<< मुखपृष्ठ