मुंबई, 9 फरवरी
मुंबई में बिना किसी रुकावट के अपनी आगामी फिल्म 'माई नेम इज खान' के प्रदर्शन का मुंबई के पुलिस आयुक्त से आश्वासन मिलने के बाद फिल्मकार करन जौहर ने राहत की सांस ली है।
जौहर ने यहां पत्रकारों से कहा, "मुंबई पुलिस से मिले आश्वासन के बाद हम खुश हैं। उन्होंने हमें व्यक्तिगत आश्वासन दिया है कि सब कुछ ठीक होगा और प्रत्येक थियेटर में सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। इसमें चिंता की कोई बात नहीं है। मैं इस संबंध में पूरी तरह से आश्वस्त हूं।" जौहर की फिल्म शुक्रवार को प्रदर्शित होगी।
जौहर ने बताया कि फिल्म तय समय पर ही प्रदर्शित होगी और टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। जौहर के साथ मल्टीप्लेक्स मालिकों के संगठन और वितरकों ने भी आयुक्त से मुलाकात की।
फिल्म 'माई नेम इज खान' के अभिनेता शाहरुख खान द्वारा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पाकिस्तानी क्रिकेट खिलाड़ियों को शामिल करने की वकालत करने के बाद से यह फिल्म शिव सेना के निशाने पर है।
शिव सेना के कार्यकर्ताओं ने शुरुआत में इस फिल्म का मुंबई में प्रदर्शन न होने देने की बात कही थी लेकिन बाद में मामला शांत हो गया।
यह फिल्म अमेरिका में 9/11 की घटना के बाद की पृष्ठभूमि पर आधारित है। अभिनेत्री काजोल ने भी इसमें अभिनय किया है।