नई दिल्ली, 9 फरवरी
कांग्रेस द्वारा महंगाई के लिए कृषि मंत्री शरद पवार को जिम्मेदार ठहराए जाने से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नाराज है। उसने कहा है कि कांग्रेस का यह कहना कि महंगाई नियंत्रण करने की मुख्य जिम्मेदारी पवार की है, पूरी तरह से कैबिनेट की सामूहिक जिम्मेदारी की व्यवस्था का मजाक है।
राकांपा प्रवक्ता डी. पी. त्रिपाठी ने कहा, "कांग्रेस का यह बयान कैबिनेट की सामूहिक जिम्मेदारी की व्यवस्था का मजाक है।"
उन्होंने कहा, "कांग्रेस को ऐसे बयानों से बचना चाहिए। यदि खाद्य पदार्थो की बढ़ती कीमतों के लिए कृषि मंत्री जिम्मेदार हैं तो मकानों की बढ़ती कीमतों के लिए आवास मंत्री, कपड़ों की बढ़ती कीमतों के लिए कपड़ा मंत्री, दवाइयों की बढ़ती कीमतों के लिए स्वास्थ्य मंत्री जिम्मेदार हैं।"
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने सोमवार को कहा था कि खाद्य पदार्थो की महंगाई पूरी तरह से कृषि व खाद्य आपूर्ति मंत्रालय के अधीन का मामला है। यह मंत्रालय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता शरद पवार के पास है।