टोरंटो, 10 फरवरी
आतंकवादी हमलों की आशंका के मद्देनजर हवाई अड्डों पर पूरे शरीर की जांच करने वाले स्कैनर लगाने की अनिवार्यता को देखते हुए कनाडा के एक इंजीनियर ने एक ऐसा त्रिआयामी स्कैनर तैयार किया है जिसमें शरीर के अंग दिखाई नहीं देंगे।
खबरों के अनुसार मांट्रियल के विलियम एवेड द्वारा निर्मित नया 3डी स्कैनर कपड़ों के अंदर मानव शरीर के अंगों को दर्शाए बिना धातु या रसायनिक वस्तुओं को प्रदर्शित करता है।
अभी तक हवाई अड्डों पर लगाए जाने वाले 3डी स्कैनर पूरे मानव शरीर का त्रिआयामी चित्र उपलब्ध कराते हैं। जिनकी वजह से निजता का उल्लंघन का मसला उठाया जाता है। यह नई मशीन इस चिंता को दूर करेगी।
परीक्षणों से पता चला कि नया स्कैनर सूटकेस के भीतर छिपे चाकू और नकली विस्फोटकों का तुरंत पता लगाने में सफल रहा जबकि परंपरागत स्कैनर इन वस्तुओं का पता लगाने में असफल रहा।
अमेरिका और कनाडा में हवाई अड्डों पर पूरे शरीर के स्कैनर स्थापित करने की प्रक्रिया जहां जारी है, वहीं कनाडा का निर्माता अपनी मशीन बेचने के लिए अमेरिका में परिवहन सुरक्षा प्रशासन (टीएसए) से प्रमाण-पत्र हासिल करने के प्रयास में लगा है।
कनाडा ने पहले ही अपने 44 हवाई अड्डों पर स्कैनर लगाने का आदेश दिया है।