नई दिल्ली/चण्डीगढ़, 10 फरवरी
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठ फ्रेंचाइजी क्लबों में से एक- किंग्स इलेवन पंजाब की सहमालिक तथा बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने बुधवार को कहा कि मुंजाल बंधुओं के हीरो समूह ने उनके क्लब का अधिग्रहण नहीं किया है।
इससे पहले, हीरो समूह ने क्लब के अधिग्रहण की खबरों का खंडन किया था। किंग्स इलेवन पंजाब पर प्रीति, उद्योगपति नेस वाडिया, करण पॉल, मोहित और गौरव बर्मन का स्वामित्व है।
एक समाचार चैनल द्वारा किंग्स इलेवन के हीरो समूह द्वारा अधिग्रहण किए जाने संबंधी खबर चलाए जाने के बाद प्रीति ने सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट 'ट्विटर' पर जारी अपनी टिप्पणी में कहा, "मैं यह बात साफ कर देना चाहती हूं कि हमने अपने क्लब को हीरो होंडा के हाथों नहीं बेचा है। मीडिया कितनी गलत खबरें फैला सकता है, यह इसका एक बड़ा उदाहरण है।"
इससे पहले, हीरो समूह के एक प्रवक्ता ने बातचीत के दौरान कहा, "अधिग्रहण की खबरें पूरी तरह बेबुनियाद हैं। न तो हीरो समूह ने किंग्स इलेवन का अधिग्रहण किया है और न ही इस संबंध में किसी तरह की बातचीत चल रही है।"
क्लब के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल श्रीवत्स ने इस संबंध में कहा, "यह सत्य नहीं है। यह बिल्कुल निराधार बात है। हमने किंग्स इलेवन को किसी के हाथ नहीं बेचा है। ये सब महज अटकलें हैं।"
श्रीवत्स ने कहा कि वह नहीं जानते कि ऐसी खबरें कहां से आ रही हैं। उन्होंने कहा, "हम भी इस बात की पुष्टि करना चाहते हैं कि इस तरह की खबरें कहां से आ रही हैं। मुझे कुछ समय दीजिए, चीजें साफ हो जाएंगी।"
किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान श्रीलंकाई टीम के कप्तान कुमार संगकारा हैं। टॉम मूडी इस टीम के कोच हैं।
हीरो होंडा समूह ने आईपीएल की एक अन्य फ्रेंचाइजी टीम-दिल्ली डेयर डेविल्स के साथ अपने प्रायोजक संबंधी करार पर बने रहने की बात कही।
कंपनी ने अपने बयान में कहा, "हीरो होंडा दिल्ली डेयर डेविल्स फ्रेंचाइजी का सहायक प्रायोजक और टीम का मुख्य प्रायोजक बना रहेगा। हमारी शर्तो में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं हुआ है।"